उरई। जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों की निगरानी कैमरों से की जाएगी। साथ ही हादसों की आशंका वाले मोड़ों पर साइन बोर्ड और रंबल स्ट्रिप ब्रेकर लगाए जाएंगे। शनिवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सांसद नारायण दास अहिरवार की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
बैठक में सबसे ज्यादा जोर सड़कों की बदहाली और सुरक्षा इंतजामों पर रहा। सांसद और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और यूपीडा के अधिकारियों से दुर्घटना बाहुल्य स्थानों को चिह्नित कर वहां सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही जिले की शहरी और ग्रामीण सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के साथ सड़क किनारे उगी झाड़ियों को हटाने को कहा गया।