आटा। झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार किराना व्यापारी की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मेडिकल कॉलेज में परिजनों ने चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बैरई निवासी चांद खां (45) गांव में किराना की दुकान चलाते थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह भतीजे जहीर (30) के साथ बाइक से प्लाट के रुपये के लेनदेन के सिलसिले में उरई जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक चमारी नाला के आगे वृंदावन हाईटेक सिटी के पास पहुंची, तभी हाईवे की मरम्मत के लिए डामर और गिट्टी लेकर कट से निकल रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चांद खां सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि जहीर कई फीट दूर जा गिरा। बाइक भी उछलकर डिवाइडर के पास जा पहुंची। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना पर आटा थानाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल जहीर को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि चांद खां ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने चालक की गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने समझाकर लोगों को शांत कराया।
जहीर अपने पीछे पत्नी साबिरा और तीन बेटों को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
आटा थानाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फोटो - 01 हादसे केबाद हाईवे पर लगी लोगों की भीड़। संवाद