कदौरा। हमीरपुर-जोल्हूपर हाईवे में बागी फार्म के पास मंगलवार सुबह सीमेंट पाइप लाद कर जा रहे ट्रैक्टर ट्राली के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे पीछे से आ रही एक ट्रैवल्स बस ट्रैक्टर में जा घुसी। हादसे में बस में सवार छह सवारियां घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां एक सवारी की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बस चालक ने बताया कि वह दिल्ली से सवारियां लेकर मौदहा जा रहा था।
हमीरपुर जोल्हूपुर हाईवे में मंगलवार सुबह 7 बजे सीमेंट के पाइप लाद कर ले जा रहे टैक्टर ट्राली में पीछे से आ रहे बस के चालक ने टक्कर मार दी। जिससे टैक्टर की ट्राली हाइवे में ही पलट गई। वहीं बस में सवार धनीराम (45), सुखदेवी (38), सीमा (22) निवासी भरुआ सुमेरपुर, जितेंद (30), नरेंद्र (32) व नसरीन (24) निवासी मौदहा व ट्रैक्टर चालक करन सिंह (45) निवासी कोंच घायल हो गए। राहगीरों ने आनन फानन में पुलिस व एंबुलेंस की मदद से सभी को सीएचसी में भर्ती कराया। जितेंद्र की हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाइवे पर पलटी ट्राली व सीमेंट के पाइपों को जेसीबी की मदद से हटवाया। बस चालक महेंद्र ने बताया कि वह दिल्ली से सवारियां लेकर मौदहा जा रहा था। बस में एक दर्जन सवारी थी।