फोटो - 02 हादसे के बाद सड़क किनारे पड़ी बस। संवाद
उरई। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे विजय विक्रम होटल के पास गोरखपुर से ग्वालियर जा रही बस ब्रेक जाम होने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में तीन यात्री घायल हो गए, जबकि 30 अन्य यात्री सुरक्षित निकाल लिया गया।
गोरखपुर से जीके ट्रेवल्स की बस ग्वालियर जा रही थी। बस जैसे ही विजय विक्रम होटल के पास पहुंची, चालक योगेश ने ब्रेक लगाए। इसी दौरान ब्रेक जाम हो जाने से बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में संत कबीरनगर निवासी अन्नू (28), नदीम अख्तर (20) और गुलाम अली (38) घायल हो गए। तीनों को अस्पताल भेजा गया।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। कोतवाल आनंद सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण बस का ब्रेक जाम होना प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है। सभी लोग सुरक्षित हैं।
फोटो - 02 हादसे के बाद सड़क किनारे पड़ी बस। संवाद