आटा। यात्रियों को ले कर जा रही प्राइवेट बस आगे जा रहे डंपर से टकरा गई। तेज धमाके के साथ यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बस में बैठे चार यात्री गंभीर रुप से घायल हो गए। जबकि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर यात्रियों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसा होने से हाइवे पर एक साइड जाम लग गया। इस कारण लगभग एक घंटा यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने बस को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करवाया।
राजस्थान के कोटा से लखनऊ जा रही प्राइवेट शताब्दी बस सोमवार की सुबह आटा थाना क्षेत्र के झांसी कानपुर हाइवे स्थित संकट मोचन मंदिर के पास आगे जा रहे डंफर से टकरा गई। बस की रफ्तार तेज होने के चलते धमाका हुआ। जिससे बस में सवार अधिकतर प्रवासी मजदूरों में चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बस में सवार नंदू (45), वीरेंद्र (39), रामसदन (47) निवासी कानपुर व बस चालक रमेश गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों व पुलिस ने बस से घायलों को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
----------
चालक मान जाता तो न होता हादसा
बस में सवार प्रवासी मजदूरों ने बताया कि बस सुबह चार बजे झांसी से चली। तभी से बस चालक रमेश बस को तेज गति से चला रहा था। इस पर बस में सवार लोगों ने उसे कई बार रास्ते में मना किया। पर चालक नहीं माना, जिसके चलते यह हादसा हो गया। गनीमत यह रही कि किसी की जान नहीं गई। बड़ा हादसा भी हो सकता था। (संवाद)