अन्ना जानवर अब किसानों की जान के दुश्मन भी बनने लगे हैं। शनिवार को खेत
जाते समय एक किसान पर अन्ना घूम रहे सांड़ ने हमला कर दिया। किसान के पेट
में सींग लग जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहां से गुजर रही दो
महिलाओं पर भी सांड़ ने हमला किया। इससे वे भी चुटहिल हो गईं। आसपास मौजूद
लोगों ने लाठियों से सांड़ को भगाया। घटना
से भड़के लोगों ने उरई-कोंच
मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मुआवजे
का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। जानकारी के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र
के गांव मड़ोरा निवासी सुमेर सिंह का पुत्र सूरदास (35) शनिवार की शाम
करीब चार बजे खेतों की ओर जा रहा था। वह गांव के बाहर खलिहान के पास
पहुंचा, तभी पीछे से आ
रहे एक सांड़ ने उस पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सांड़ ने सूरदास को सींगों पर उठाकर जमीन पर
गिरा दिया। इसी दौरान सींग उसके पेट में घुस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो
गई। वहीं से गुजर रही महिलाओं पर भी सांड़ ने हमला किया। वे जान बचाकर
भागीं लेकिन फिर भी मामूली रूप से चुटहिल हो गईं। ये देख आसपास काम कर रहे
लोगों ने
सांड को लाठियां लेकर खदेड़ दिया। युवक की मौत की सूचना पाकर
बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे। वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। घटना के बाद
गुस्साए ग्रामीणों ने उरई कोंच रोड पर जाम लगाकर नोरबाजी शुरू कर दी।
ग्रामीण किसान की मौत
पर मुआवजा मांग रहे थे। सूचना पाकर कोतवाल आलोक
सक्सेना फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को मुआवजा दिलाने का
आश्वासन देकर जाम खुलवाया। किसानों का आरोप ये भी था कि तमाम बार गुहार
लगाने के बाद भी प्रशासन अन्ना जानवर समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
इसका ही नतीजा है कि ये जानवर अब जानलेवा होते जा रहे हैं।