उरई। पारिवारिक विवाद के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। गोली पेट में लगने से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायल की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को बंदूक सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णानगर निवासी पवन कुमार (55) का बंटवारे को लेकर अक्सर छोटे भाई राकेश से विवाद होता है। रविवार की देर रात जब पवन घर आया, तभी नशे में धुत राकेश ने उसे घर के बाहर रोक लिया और कहासुनी करने लगा। इसके बाद वह अंदर से लाइसेंसी बंदूक उठा लाया और उसने पवन को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घनी बस्ती में गोली की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोगों में अफरातफरी मच गई। पवन घर के बाहर खून से लथपथ पड़ा था। राकेश मौके से भाग निकला। लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद मोहल्ले के लोगों व परिजनों से पूछताछ की। घायल पवन की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने जानलेवा हमले की रिपोट दर्ज कर ली। सोमवार को पुलिस ने आरोपी राकेश को बंदूक सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
खेती व पेंशन से चलाते है खर्च
आसपास के लोगों ने बताया कि दोनों भाई कुछ नहीं करते है। पैतृक जमीन से होने वाली आय व मां को मिल रही पेंशन से दोनो का खर्च चलता है। दोनों शराब के लती है और रुपये की मांग कर बंटवारे को लेकर अक्सर झगड़ते रहते थे।