उरई रेलवे स्टेशन थाने में टिकट दलाल का खुलासा करती आरपीएफ टीम
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। आरपीएफ की झांसी और उरई की संयुक्त टीम में मंगलवार को राठ में छापा मारकर एक दलाल को पकड़ लिया। उसके पास से बने तीन तत्काल के टिकट और पंद्रह लोगों की आईडी भी बरामद हुई है। पुलिस ने दबोचे गए दलाल के खिलाफ रेलवे एक्ट में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान अभी जारी रहेगा, जल्द ही कुछ और दलालों को भी दबोचा जाएगा।
आरपीएफ उरई के इंस्पेक्टर राजीव उपाध्याय, अपराध शाखा झांसी की इंस्पेक्टर एसएन पाटीदार ने मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे राठ स्थित मोहल्ला कोट बाजार में मां शारदा आनलाइन सेंटर पर छापा मारा। जिससे वहां बैठे लोगों में हड़कंप मच गया। टीम ने सेंटर संचालक शैलेंद्र साहू को पकड़कर उससे सख्ती से पूछताछ की तो
उसके पास से 4000 से अधिक रुपये के तीन तत्काल टिकट और पिछली यात्रा के 1,20, 000 रुपये के टिकटों की लिखापढ़ी भी मिली। शैलेंद्र ने बताया कि वह सारा लेनदेन का काम बैंक के माध्यम से करता था। इंस्पेक्टर राजीव के मुताबिक फिलहाल शैलेंद्र को जेल भेजा जा रहा है, उसके कुछ और साथियों की तलाश की जा रही है। बता दें कि उरई रेलवे स्टेशन पर भी दलालों का तगड़ा नेटवर्क है, जिसके चलते यात्रियों को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है।