शहीद भगत सिंह चौराहे पर भरा बारिश का पानी
- फोटो : ORAI
उरई। शहर मेें शनिवार की शाम को तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से तो निजात मिली लेकिन शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दुकानों और छतों पर रखी टीनें खड़खड़ा गईं। कई जगह तो टिन शेड उखड़ भी गए। कुछ एक स्थानों पर बिजली के तार टूटे और ट्रांसफार्मर भी धड़ाम की आवाज के साथ फुंक गए। इससे घंटों बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। वहीं बाजारों और संकरी गलियों में कई जगहों पर जलभराव की स्थिति रही।
शाम करीब पांच और छह बजे के बीच चली तेज आंधी से जिला जजी के सामने बीच रोड पर बिजली का तार टूटकर गिर पड़ा। इससे रोड का आवागमन कुछ देर के लिए प्रभावित रहा। बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लाइन को सड़क से हटाकर उसकी मरम्मत के काम में जुट गए। राजमार्ग के पास स्थित ट्रांसफार्मर भी धड़ाम की आवाज के साथ फुंक गया। इससे कई मोहल्लों में देर शाम तक बिजली संकट बना रहा।
वहीं आंधी व बारिश से मुख्य चौराहों शहीद भगत सिंह, कालपी तिराहा, अंाबेडकर चौराहा और घंटाघर आदि पर लगी होर्डिंग्स के साथ ही लोगों के टिन शेड और तिरपाल भी आंधी में उड़ गए। 15 से 20 मिनट की बारिश ने ही नगर पालिका की पोल खोल कर रख दी है। शहर के अधिकांश चौराहों और गलियों में बरसात के कारण जलभराव हो गया। इससे आवागमन करने वाले वाहनों के साथ ही पैदल चलने वाले लोगों का रोड पर चलना भी मुश्किल हो गया। लोगों का कहना था कि जब इतनी सी बारिश में ही पूरे शहर में जलभराव की यह स्थिति है, तो बरसात के मौसम में क्या हाल होगा। नगर पालिका प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
जालौन संवाद के अनुसार, शुक्रवार को पहले रोस्टिंग के कारण शाम को बिजली गायब थी। अचानक रात करीब नौ बजे आंधी आ गई। तेज धूल भरी आंधी से बिजली के पोल उखड़ गए। बिजली के तार टूटने से ग्राम अकोढ़ी दुबे, भिटारा, पहाड़पुरा, गायर, उरगांव, धनौरा कलां, धंतौली, खर्रा, हरकौती समेत लगभग एक दर्जन गांवों की बिजली गुल हो गई। शुक्रवार शाम से लगातार आपूर्ति बाधित है। गर्मी के मौसम में बिजली गायब होने के कारण लोग परेशान हैं। इस संदर्भ में अवर अभियंता पैश्वनीराम ने बताया कि आंधी से हुई क्षति का आंकलन कराया जा रहा है साथ ही उसे ठीक भी किया जा रहा है। जल्द ही क्षतिग्रस्त पोल व लाइन को बदलकर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। उधर कोंच में भी आंधी का असर दिखाई दिया। कई जगह पोल और पेड़ उखडने से बिजली सप्लाई बाधित रही।