उरई। प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर जिले में तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कराए गए निर्माण कार्य का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। इसमें 251 स्कूलों की चाहरदीवारी का भूमि पूजन और 195 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण हुआ। कहा गया कि बाउंड्रीवॉल बनने से स्कूल में छात्र-छात्राओं की बेहतर हिफाजत बेहतर हो सकेगी।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा डीएम प्रियंका निरंजन ने डकोर ब्लाक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बम्हन मिनौरा में कार्यक्रम का भूमिपूजन कर शिलान्यास किया। विधायक व डीएम ने दीप प्रज्जवलित कर मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अन्य अतिथियों ने जनपद के विकास के संबंध में अपने विचार प्रस्तुत किए। डीएम ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल बनाया जाना आवश्यक है इससे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा रहती है। कहा कि शिक्षा का मार्ग एक ऐसा मार्ग है जो प्रगति के मार्ग पर ले जाता हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद में तीनों विधानसभाओं में मनरेगा एवं ग्राम निधि से 251 विद्यालयों की चहारदीवारी का निर्माण 13 करोड़ की लागत से एवं 15.67 करोड़ की लागत से निर्मित 195 आंगनबाड़ी का लोकार्पण किया गया। इसमें सदर विधानसभा में 300.44 लाख रुपये की धनराशि से 58 स्कूलों के बाउंड्रीवॉल का शिलान्यास तथा 329.64 लाख की धनराशि से 41 निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने उच्च प्राथमिक विद्यालय टीहर में 554.26 लाख की धनराशि से 97 स्कूलों के बाउंड्रीवॉल का शिलान्यास तथा 594.96 लाख की धनराशि से 74 निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया।
कालपी विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने विधानसभा कालपी के कंपोजिट जूनियर हाईस्कूल चुर्खी में 445.48 लाख की धनराशि से 86 स्कूलों के बाउंड्रीवॉल का शिलान्यास तथा 643.20 लाख रुपये की धनराशि से 80 निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा पर्यटन विभाग द्वारा तीनों विधानसभाओं में एक-एक निर्माण कार्य का शिलान्यास 150.46 लाख रुपये की धनराशि से किया गया। बुंदेलखंड विकास निधि द्वारा कराए जाने वाले कार्यों का शिलान्यास विधानसभा उरई में 546.32 लाख रुपये की लागत से 58 कार्यों का शिलान्यास, विधानसभा माधौगढ़ में 333.74 लाख की लागत से 54 कार्यों का शिलान्यास एवं विधानसभा कालपी में 413.79 लाख की लागत से 61 कार्यों का शिलान्यास किया गया।
माधौगढ़। ब्लाक के से 27 गांवों के विद्यालयों में बाउंड्रीवाल का भूमि पूजन किया गया। एडीओ प्रवीण रत्नम ने बताया कि ब्लाक के अकबरपुर, धमना, अटागांव, कैलोर, दादनपुरा, सुरावली, बिजदुआ, डेलपुरा, खुदातपुरा, सरावन, मड़ौरी, कुरौती समेत 27 प्राथमिक व कन्या विद्यालयों में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए भूमि पूजन कर दिया गया है। उधर, रामपुरा में शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित प्रेरणा ज्ञानोत्सव समारोह में विधायक मूलचंद्र निरंजन ने विधानसभा क्षेत्र की 97 स्कूलों की बाउंड्रीवॉल का शिलान्यास किया। विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि चार वर्षों में मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड के जनपद जालौन की इस विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की झड़ी लगा दी है। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई। इस दौरान एसडीएम सालिकराम, डीसी मनरेगा अवधेश कुमार दीक्षित, बीडीओ ओमप्रकाश द्विवेदी, बीडीओ माधौगढ़ संदीप यादव आदि मौजूद रहे।