उरई। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को सस्ती दरों पर पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए बुधवार को पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। मेले में स्थानीय दुकानदारों के साथ तीन प्रकाशकों ने भी अपने स्टॉल लगाए। करीब 500 छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने मेले का लाभ उठाया।
हालांकि मेले में मुख्य रूप से यूपी बोर्ड से संबंधित किताबें ही उपलब्ध रहीं। आईसीएसई बोर्ड की किताबें न मिलने से कई छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक मायूस होकर लौट गए। उन्होंने मांग की कि भविष्य में इस तरह के आयोजनों में सभी बोर्ड की पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, बीएसए चंद्रप्रकाश , जीआईसी के प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार ने मेले का निरीक्षण कर अभिभावकों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बाजार में महंगी दरों पर मिल रही किताबों से परेशान अभिभावकों को मेले से बड़ी राहत मिली। मेले के प्रति लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। निर्धारित समय सुबह 10 बजे से पहले ही अभिभावक और बच्चे सुबह 9 बजे से पहुंचने लगे और खरीदारी शुरू कर दी। स्थिति यह रही कि बाजार में करीब 3300 रुपये का कोर्स मेले में मात्र 440 रुपये में उपलब्ध हुआ, जिसकी अभिभावकों ने सराहना की।
केस-1:
फोटो-12-कृष्ण कुमार। संवाद
एट निवासी अभिभावक कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि मेला बेहद उपयोगी रहा। उनकी बेटी हाईस्कूल की छात्रा है। बाजार में 3500 रुपये का कोर्स यहां केवल 440 रुपये में मिल गया। उन्होंने ऐसे मेलों के नियमित आयोजन की मांग की।
केस-2:
फोटो-13-राजवीर। संवाद
राजवीर राठौर ने बताया कि वह सूचना मिलने पर मेले में पहुंचे थे, लेकिन आईसीएसई बोर्ड में कक्षा 9 की किताबें उपलब्ध नहीं थीं। उन्होंने बताया कि निजी बुक सेंटर पर उनका कोर्स करीब 7200 रुपये का है।