उरई। बाइक से जा रहे पिता-पुत्र को बोलेरो ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल उरई लाए। यहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
हमीरपुर जिले के नई बस्ती राठ निवासी सतीश (25) अपने पिता मुलायम सिंह (55) के साथ बाइक से रविवार की देर रात जा रहा था। राठ में उरई बस स्टैंड के पास बोलेरो चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे पिता और पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में दोनों को लेकर उरई जिला अस्पताल आए। जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि दोनों मजदूरी करते थे। सतीश घर में छोटा था जबकि एक बड़ा भाई आशीष भी है।