पेट्रोल भरवाकर अपने गांव जा रहे अधेड़ की बाइक में पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट न लगाने से सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बोलेरो भी अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खंदक में पलट गई। हालांकि उसमें कोई घायल नहीं हुआ और चालक मौके पर बोलेरो
छोड़कर भाग निकला। सूचना पाकर थाना आटा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आटा थाना क्षेत्र के गांव बारा निवासी चंद्रभान (45)पुत्र भूरे लाल अहिरवार रविवार की सुबह दस बजे अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए आटा हाईवे स्थित भदौरिया फिलिंग स्टेशन पर आया था। सुबह करीब दस बजे वह पेट्रोल लेकर वापस अपने
गांव जाने के लिए जैसे ही हाईवे पर चढ़ा, तभी उरई की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे वह सिर के बल सड़क पर गिर गया। हेलमेट न लगाने के कारण उसको सिर में गंभीर चोट लग गई। इससे कुछ देर बाद ही मौके पर उसकी मौत हो गई। बोलेरो भी अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खंदक में पलट गई। बोलेरो पलटने से
कोई घायल नहीं हुआ। चालक मौके से भाग निकला। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर आई और परिजनों को सूचना देने के बाद के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधेड़ की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।