महेबा (जालौन)। बाइक से सिलिंडर लेकर भरवाने जा रहे युवकों को सामने आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए और एक ने मौके पर और दूसरे ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बोलेरो सवार लोग शीशा तोड़कर भाग गए। हादसे की सूचना जब युवकों के घर पहुंची तो कोहराम मच गया। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर बोलेरो के मालिक का पता लगा रही है।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर गुढ़ा निवासी लल्ला सिंह निषाद (23) पुत्र कालका गांव के ही मदन (40) पुत्र कंधई के साथ रविवार सुबह बाइक से गैस सिलिंडर लेकर भरवाने मगरौल जा रहे थे। जब उनकी बाइक द्वारिकापुरी गांव के पास पहुंची तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों युवक उछलकर सड़क दूर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए।
वहीं अनियंत्रित बोलेरो भी सड़क पर पलट गई और उसमें सवार दो लोग गाड़ी का शीशा तोड़कर बाहर निकलकर भाग गए। राहगीरों की सूचना पर कोतवाली के एसआई आनंद कुमार व अशोक कुमार ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सीएचसी कालपी पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने मदन को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल लल्ला सिंह की हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर कानपुर जा रहे थे तभी रास्ते में दूसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवकों की मौत की सूचना जैसे ही गांव पहुंची तो दोनों घरों में कोहराम मच गया। राहगीरों ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। जिससे उनके सिर व मुंह चोटें आईं थीं। परिजनों ने बताया की मदन खेती किसानी कर परिवार चलाता था। उसकी मौत से पत्नी विनीता व तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतक लल्ला सिंह के परिजनों ने बताया कि वह घर पर रहकर खेती किसानी में हाथ बंटाता था। वहीं गांव में दो-दो मौतों की सूचना आते की सन्नाटा छा गया। वहीं सड़क पर पलटी पड़ी बोलेरो को पुलिस ने कब्जे में लेकर उसके मालिक की तलाश शुरू कर दी है।
दो माह में ही उजड़ा सुहाग
दो माह पहले ही जिस घर में मंगल गीत गाए गए थे, उसी घर में आज चीख पुकार मचती देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। सड़क हादसे में मृत लल्ला सिंह निषाद की 28 नवंबर को औरैया निवासी पूजा के साथ बड़े धूमधाम से शादी हुई थी। शादी की मेंहदी भी अभी पूरी तरह नहीं छूटी थी कि उसका सुहाग उजड़ गया। पूजा रो रोकर कह रही थी कि अभी दो माह पहले ही जीवन भर साथ निभाने का वादा करने वाला साथ छोड़ गया।
खंदक में पड़ी बाइक- फोटो : ORAI
घटनास्थल पर पलटी पड़ी बोलेरो गाड़ी- फोटो : ORAI