फोटो - 04 मृतक रामसेवक की फाइल फोटो।
कालपी। कोतवाली क्षेत्र के गुढ़ा खास गांव से तीन दिन पहले लापता हुए वृद्ध का शव रविवार को कानपुर देहात के देवराहट थाना क्षेत्र में यमुना नदी से बरामद हुआ। आशंका है कि नहाते समय गहरे पानी में जाने से वृद्ध की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गुढ़ा खास निवासी दीपक निषाद ने रविवार को पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया था कि उसके पिता रामसेवक (60) आठ अक्तूबर की शाम खाना खाने के बाद पशुबाड़े में सोने गए थे। अगली सुबह गांव के कुछ लोगों ने उन्हें यमुना की ओर शौच के लिए जाते देखा था। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद दीपक ने पुलिस से गुमशुदगी दर्ज कर पिता को तलाशने की गुहार लगाई थी।
इसी बीच रामसेवक का शव देवराहट थाना क्षेत्र में यमुना नदी से बरामद हो गया। कोतवाली पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार, आशंका है कि वह नदी में नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि वृद्ध नदी तक कैसे पहुंचे, इसकी जांच की जाएगी। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
उधर, एसडीएम विनय कुमार मौर्य ने बताया कि यदि वृद्ध की मौत यमुना में डूबने से हुई है तो नियमानुसार उनके परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।