माधौगढ़। कस्बे के मालवीय नगर निवासी एक पल्लेदार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। करीब दो दिन तक शव घर में पड़ा रहा। मंगलवार शाम भांजे के घर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मालवीय नगर निवासी सुनील कुमार (45) मंडी समिति में पल्लेदारी का काम करता था। परिजनों के अनुसार वह शराब पीने का आदी था। इसी कारण उसकी पत्नी प्रमिला देवी अपने पुत्र सूरज कुमार और पुत्री रिचा के साथ पिछले आठ माह से मायके अटगांव नोलेजपुर में रह रही थी। वहीं उसकी मां तेजा देवी रिश्तेदारी में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने गई थीं।
बताया गया कि सुनील कुमार पिछले दो दिनों से काम पर नहीं गया था। मंगलवार को बहराई निवासी उसका भांजा अरविंद कुमार बाजार करने माधौगढ़ आया था। शाम को वह मामा के घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाकर अंदर पहुंचा तो सुनील कुमार मृत अवस्था में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल अभिलाष मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरा और परिजनों को सौंप दिया। कोतवाल ने बताया कि शव से दुर्गंध आ रही थी, जिससे प्रतीत होता है कि मौत करीब दो दिन पहले हुई थी।
मौत की सूचना मिलते ही पत्नी प्रमिला देवी, पुत्र सूरज कुमार और पुत्री रिचा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सामान्य प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।