राम बिहारी के खिलाफ एसडीएम को ज्ञापन देते सपाई
- फोटो : ORAI
कोंच। यौन शोषण के आरोपी पूर्व लेखपाल और भाजपा नेता रामबिहारी को लेकर अब नगर की सियासत भी गरमाने लगी है। सपाइयों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर उसके खिलाफ जांच की मांग की है वहीं भाजपा ने उससे पल्ला झाड़ते हुए सजा की पैरवी की है।
समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अशोक कुमार को दिया। इसमें बाल यौन शोषण में लिप्त रामबिहारी राठौर के कृत्यों की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा गया है कि इस कांड में संलिप्त अन्य लोगों के नाम भी सामने लाए जाए।ं उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में सपा के छोटू टाइगर, रामशरण कुशवाहा, संजीव तिवारी, बॉबी वर्मा, रंजीत कुशवाहा, शीलू गुर्जर, नसीम निहारिया, श्यामू यादव, उस्मान कुरैशी, हिम्मतसिंह, महेंद्रसिंह आदि शामिल रहे।
दूसरी ओर भाजपा के नगर अध्यक्ष सुनील लोहिया ने बयान जारी किया है कि आरोपी राम बिहारी को भाजपा से बर्खास्त कर दिया गया है, अब उसका पार्टी से कोई वास्ता नहीं है। रामबिहारी ने जो किया वह वाकई बेहद खराब है। इसके लिए उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी ही चाहिए।