जालौन। कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन बाइकें, तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं। गिरोह का सरगना मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बुधवार देर रात कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चंद को सूचना मिली कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के धनौरा- धंतौली मार्ग स्थित पुल के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की बाइक बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी मनीष कुमार तिवारी की टीम ने घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया।
पकड़े गए लोगों की पहचान चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम चुर्खी निवासी इमाम हुसैन उर्फ इमाम मंसूरी, जितेंद्र पाल और रामतोष पांचाल के रूप में हुई है। पूछताछ में शातिरों ने कबूल किया कि वे विभिन्न जनपदों और कस्बों से बाइक चोरी कर उनकी नंबर प्लेट बदलकर बेचते थे।
पुलिस के अनुसार एक बाइक को गत 5 मई को गंगाधाम गेस्ट हाउस के बाहर से चोरी किया गया था, जबकि दूसरी बाइक उरई के सोम गार्डन और तीसरी झांसी के एक विवाह घर के बाहर से चोरी की गई थी।
गिरोह का सरगना छोटेलाल उर्फ लादेन पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
कोतवाली उरई पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने क्षेत्र में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।