माधौगढ़। पोस्ट ऑफिस से डाक लेकर लौट रहे पोस्टमैन की बाइक गुरुवार को रजपुरा के पास अनियंत्रित हो गई। इससे सड़क पार कर रहे तीन लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार सहित चार लोग घायल हो गए। सीएचसी में पोस्टमैन को मृत घोषित कर दिया।
कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गुढ़ा गांव निवासी दिव्यांशु उर्फ सनी यादव (25) पोस्टमैन के पद पर तैनात था। वह उरई में रहकर पोस्ट ऑफिस से डाक उठाने का काम करता था। गुरुवार की दोपहर वह जगम्मनपुर से डाक लेकर लौट रहा था। उसकी बाइक जैसे ही रजपुरा के पास पहुंची कि लोडर को बचाने के चक्कर में बाइक ने सड़क से निकल रहे रजपुरा निवासी महेश दीक्षित (64), राकेश (62) व फूल सिंह (63) को टक्कर मार दी। वह अनियंत्रित होकर गिर गई। इससे चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। दिव्यांशु को मृत घोषित कर दिया गया। तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है। तीन लोग घायल हुए हैं। जांच की जा रही है।