जालौन। बंगरा मार्ग पर ग्राम सालाबाद के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पुल के निकट शुक्रवार को एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे उस पर सवार दो युवक घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मध्य प्रदेश के जिला भिंड के ग्राम बरहा निवासी राजेंद्र कुशवाहा अपने भांजे जनपद झांसी के मोंठ निवासी निशू के साथ अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बंगरा मार्ग ग्राम सालाबाद के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पुल के निकट पहुंची, अचानक सड़क पर संतुलन बिगड़ने से बाइक फिसल गई। बाइक फिसलने के कारण दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों युवकों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। उधर, मोहल्ला तोपखाना निवासी शैलेंद्र व अजमेरी अपनी बाइक से उरई की ओर जा रहे थे। चौराहे के पास जानवर के सामने पर आने पर उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों को चोटें आई। दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। (संवाद)