सिरसाकलार। भैंस बेचने के रुपये लेकर बाइक से आ रहे पशु व्यापारी को चार बाइक सवार बदमाशों ने रोक लिया। इसके बाद व्यापारी के साथ मारपीट कर करीब डेढ़ लाख रुपये व बाइक लूट ली। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। सीओ का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं।
सिरसाकलार कस्बा निवासी शमी खान भैंसों की खरीद फरोख्त का काम करते हैं। बुधवार रात आठ बजे वह कालपी में भैंस बेचने के बाद एक लाख 45 हजार रुपये लेकर बाइक से आ रहा था। जब वह थाना क्षेत्र के मलथुआ गांव श्रमदान के पास पहुंचा, तभी एक बाइक पर सवार चार लुटेरे आए और उसके साथ मारपीट कर उसके सभी रुपये लूट लिए।
इसके बाद लुटेरे उसकी बाइक भी लेकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों की काफी तलाश की। लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ जालौन शैलेंद्र बाजपेयी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। आसपास पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
पूछताछ के नाम पर पीड़ित को थाने में ही बैठाए रही पुलिस
सिरसाकलार। व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना के बाद पुलिस ने व्यापारी को ही थाने में बैठा लिया। घटना के बाद से ही व्यापारी शाम तक थाने में ही बैठा है। वहीं पुलिस का कहना है कि व्यापारी से हुलिया आदि के बारे में पूछताछ की जा रही है। वहीं, लोगों का कहना है कि पुलिस लूट की घटना को दबाने का प्रयास कर रही है।