घटनास्थल पर पीड़ित से जानकारी करती पुलिस
- फोटो : ORAI
माधौगढ़। सुबह टहलने निकले प्राइवेट शिक्षक की कनपटी में तमंचा लगाकर बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया और शिक्षक को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक से जानकारी कर बदमाशों की खोजबीन की। युवक ने कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दे दी है।
माधौगढ़ कस्बे के उत्तरीय मालवीय नगर निवासी प्राइवेट शिक्षक जितेंद्र सविता (30) पुत्र देवकीनदंन रोज की तरह शनिवार सुबह ऊमरी रोड पर टहलने के लिए निकले थे। जब वह रामहेतपुरा मोड़ पर पहुंचे थे तो कस्बे की ओर से काली बाइक पर सवार दो बदमाशों ने जितेंद्र सविता के पास बाइक रोकी और रुपये व मोबाइल देने की बात कही। न देने पर लाल शर्ट पहने बदमाश ने जितेंद्र की कनपटी में तमंचा लगाकर मोबाइल छुड़ा लिया। रुपये न मिलने पर बदमाश उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर पुलिस के साथ पीड़ित के भाई ग्राम पंचायत अधिकारी मुकेश सविता ने छानबीन की। युवक ने कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दे गई है।