कुठौंद। बैंक से रुपये निकालकर मित्र के घर जा रहे पूर्व प्रधान की बाइक की डिकी से बाइक सवार रुपये निकालकर ले गए। पूर्व प्रधान ने थाना पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुट गई है।
दौनापुर गांव के पूर्व प्रधान अमर सिंह यादव गुरुवार को कुठौंद स्थित स्टेट बैंक गए थे। उन्होंने पचास हजार रुपये निकाले और अपने मित्र भाकियू नेता इंद्रमणि के घर जरूरी काम से जा रहे थे। वह रुपये जेब से निकालकर बाइक की डिकी में डाल रहे थे। तभी पीछे से तेजी से बाइक सवार दो लोग आए और डिकी बंद करने से पहले ही झटके में बाइक की डिकी से रुपये निकालकर भाग गए।
कहा कि पहले तो वह समझ ही नहीं पाए कि युवक रुपये लेकर भाग गए। जब उन्होंने डिकी से रुपये गायब देखे तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित की सूचना पर थाना पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।