संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। उरई कोंच मार्ग स्थित गढर व मड़ोरा के बीच तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। फिर उसी स्कार्पियो में सवार लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्कार्पियो में एक जनप्रतिनिधि का पद भी लिखा था। पुलिस का कहना है कि फिलहाल अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
एट क्षेत्र के ग्राम खरूसा निवासी सोहनलाल (65) व देवेंद्र कुमार (25) शुक्रवार को अपनी बाइक से उरई आ रहे थे। इसी दौरान जब वह सदर कोतवाली क्षेत्र के उरई कोंच मार्ग स्थित मड़ोरा के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक सवार घायल हो गए। स्कार्पियो सवार ही उनको उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। बता दें कि जिले में कई लग्जरी गाड़ियों के पीछे किसी में सांसद तो किसी में विधायक लिखा हुआ है। जिस पर अब तक पुलिस और एआरटीओ प्रशासन भी कोई अभियान नहीं चला सका है। यही कारण है कि जन प्रतिनिधियों की सही गाड़ी कौन है, पता ही नहीं चलता है। पुलिस इस सड़क हादसे को अंजाम देने वाली गाड़ी को भी लेकर पशोपेश में है।
सड़क हादसे में घायल अधेड़ की मौत
आटा। गुरुवार की देर रात ग्राम इमिलिया निवासी गुलाम नबी (40) इटौरा व काशीखेड़ा के पास दूसरी बाइक की टक्कर से घायल हो गए थे। उन्हें कानपुर रेफर किया गया था। जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान गुलाम की मौत हो गई। जबकि उनके साथी नवाब की हालत गंभीर बताई जा रही है।