उरई। कोतवाली क्षेत्र के चुर्खी रोड पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां एक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों भाई सिहारी गांव में त्रियोदशी में शामिल होने जा रहे थे। वह हेलमेट नहीं लगाए था।
कानपुर देहात के राजपुर थानाक्षेत्र के खसवरा निवासी आजाद सिंह (52) शुक्रवार को चचेरे भाई करन सिंह (45) के साथ जालौन कोतवाली क्षेत्र के सिहारी गांव में आयोजित त्रियोदशी में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक उरई कोतवाली क्षेत्र के चुर्खी रोड पर पहुंची तभी किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां आजाद को मृत घोषित कर दिया जबकि करन सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजन ने बताया कि आजाद ट्रक चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी मौत से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चंद्र ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।