आटा/सिरसाकलार। ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने तीन दिन में हुईं दो सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत होने पर सड़क पर जाम लगा दिया। सड़क चौड़ीकरण के लिए ग्रामीणों ने नारेबाजी भी की। सूचना पाकर पहुंची थाना पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया पर बाद में विधायक प्रतिनिधि के समझाने पर तीन घंटे बाद जाम खोला गया। जाम में दर्जनों दोपहिया व चौपहिया वाहन फंसे रहे।
आटा थाना क्षेत्र के अकबरपुर इटौरा मार्ग पर कर्मयोगी महाविद्यालय के पास रविवार सुबह 10 बजे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें बाइक चालक गजराज (50) पुत्र लल्ला सिंह निवासी खोडन थाना सिरसाकलार गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंची थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर परिजन बदहवाश हालत में जिला अस्पताल पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि गजराज अपनी ससुराल अमीसा जा रहा था। वह खेती किसानी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। वह अपने पिता की इकलौती संतान था। उसकी मौत से मां सुरेशा, पत्नी शीला पुत्र अनिल व सुरेंद्र का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। हादसों से आक्रोशित क्षेेत्रीय लोगों ने तीन दिन में हुईं दो सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत के बाद दोपहर 1 बजे से आटा इटौरा मार्ग पर लकड़ी व झाड़-झंखाड़ डालकर जाम लगा दिया और सड़क चौड़ी करने की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। जाम की सूचना पाकर पहुंचे थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, पर वह टस से मस नहीं हुए।
ग्रामीणों की मांग पर पहुंचे कालपी विधायक प्रतिनिधि राघवेंद्र सिंह के समझाने व सड़क चौड़ीकरण कराने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने चार बजे जाम खोल दिया। वहीं भाजपा नेताओं ने थानाध्यक्ष को ज्ञापन दिया कि थाना क्षेत्र के बाहर से आने वाले ट्रैक्टरों से ही हादसे होते हैं। इस ट्रैक्टरों पर रोक लगा दी जाए। जाम की वजह से इस मार्ग पर चलने वाले वाहनों की दोनों ओर से लंबी लाइनें लग गईं और वाहन चालक जाम खुलने के इंतजार में खड़े रहे। इस तीन घंटे लगे जाम से लोग बिलबिलाते नजर आए। इसके बाद यातायात सामान्य हो गया।
जाम लगाएं ग्रामीणों को समझाते विधायक प्रतिनिधि- फोटो : ORAI
आटा इटोरा मार्ग पर जाम लगाए ग्रामीण- फोटो : ORAI