माधौगढ़/बंगरा। मजदूरी करने के बाद घर लौट रहे बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। जहां एक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के अहेता गांव निवासी प्रमोद कुमार (42) व राजा (20) बाइक से सोमवार को मजदूरी करने उरई आए थे। रात में काम खत्म होने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। उनकी बाइक जैसे ही जालौन बंगरा रोड स्थित कमसेरा गांव के पास पहुंची तो अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्रमोद को मृत घोषित कर दिया। जबकि राजा की गंभीर हालत होने पर उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि प्रमोद मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी मौत से पुत्र मोहित व मोहन, पुत्री अंजलि व पत्नी कृष्णा देवी सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वाहन की तलाश की जा रही है।