स्पीडब्रेकर पर उछली बाइक, वृद्धा की मौत
डकोर थाना क्षेत्र के कुसमिलिया की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमिलिया में स्पीड ब्रेकर पर बाइक उछलने पर महिला की सड़क पर सिर के बल गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कस्बा राठ निवासी ऋषभ सोनी गुरुवार सुबह घर से मां श्यामकली (60) पत्नी हरीराम सोनी को लेकर उरई स्थित ननिहाल जा रहा था। जब उसकी बाइक डकोर थाना क्षेत्र के कुसमिलिया इंटर कालेज के सामने पहुंची तभी स्पीडब्रेकर पर ब्रेक लगाने पर श्यामकली सोनी उछल कर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों की मदद से ऋषभ तुरंत जिला अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया । कानपुर ले जाते समय रास्ते में वृद्ध महिला की मौत हो गई। इलाकाई लोगों का कहना है कि स्पीड ब्रेकर ज्यादा ऊंचा होने से यहां आए दिन कोई न कोई सड़क हादसा होता रहता है। कई बार पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से शिकायत भी की गई पर कोई सुनवाई नही हुई।
इनसेट
अनियंत्रित बाइक खड्ड में गिरी, एक घायल
उरई । डकोर क्षेत्र के टिमरो गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई जिससे बाइक सलार अधेड़ घायल हो गया। राहगीर जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे झांसी रेफर कर दिया गया। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी बलवान सिंह ( 47) पुत्र बिंद्रावन बाइक से गुरुवार सुबह 11:00 बजे किसी काम से कोटरा जा रहा था। जब वह टिमरो गांव के पास पहुंचा तभी बाइक के सामने मवेशी आ गया। मवेशी से बचने की कोशिश में बाइक अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी और बाइक सवार खड्ड में भरे पानी में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने अधेड़ को घायल पड़ा देखकर पुलिस व परिजनों को सूचना दी।परिजनों ने आनन-फानन में एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी नाजुक हालत देखते हुए मेडिकल कालेज झाँसी रेफर कर दिया। हेलमेट नहीं लगाए होने से सिर में चोटें आईं हैं।