कदौरा। बीमार वृद्धा को इलाज के लिए ले जा रहे जिला पंचायत सदस्य की बाइक में दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक बाइक छोड़कर भाग गया।
थाना क्षेत्र के बागी गांव निवासी ज्ञान सिंह भदौरिया (57) चतेला जिला पंचायत सदस्य हैं। शनिवार रात गांव की ही निवासी वृद्धा दनकिया (70) की हालत बिगड़ने पर वह बाइक से उसे लेकर दिखाने कदौरा अस्पताल जा रहे थे। जैसे ही बाइक गांव के बाहर निकली कि पीछे से दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। इससे वृद्धा दनकिया की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, ज्ञान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने बताया कि मृतका के दो बेटे अरविंद और राजन हैं। वे ईंट-भट्टे पर रहकर मजदूरी करते हैं, वहीं मृतका घर में अकेली रहती थी। तबीयत बिगड़ने पर उसने जिला पंचायत सदस्य से दवा करवाने के लिए कहा था। थाना प्रभारी प्रभात सिंह ने बताया कि बाइक को कब्जे में ले लिया है। टक्कर मारने वाले चालक की तलाश की जा रही है।