माधौगढ़। डिकौली मोड़ पर एक तेजरफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में युवक व उसका मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां मौजूद राहगीरों ने बाइक सवारों को पकड़ लिया व घायल पिता-पुत्र को सीएचसी पहुंचाया, जहां बच्चे की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
माधौगढ़ के भीमनगर निवासी प्रेम सिंह अपने 7 वर्षीय बेटे अंकुश लेकर पैदल ही गांव की तरफ जा रहा था। वह जैसे ही डिकौली मोड़ के पास पहुंचे तभी वहां सामने से आ रही एक तेजरफ्तार बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही प्रेम सिंह व अंकुश सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसा होता देखकर आसपास मौजूद राहगीर दौड़ कर आए। उन्होंने भाग रहे बाइक सवारों को दौड़ कर पकड़ लिया। उन्होंने अपना नाम वीरेंद्र व मनोज निवासीगण हनुमंतपुरा बताया है। राहगीरों ने घायल पिता पुत्र को किसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में अंकुश की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसके सिर में चोट आ गई थी। पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे बाइक सवार भाग निकले।