नामांकन के अंतिम दिन कांग्रेस ने जालौन नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए घोषित प्रत्याशी को बदल दिया है। अंतिम समय टिकट बदलना दिन भर चर्चाओं का विषय बना रहा। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि पहले घोषित प्रत्याशी की तबियत खराब होने की वजह से प्रदेश कमेटी ने नये प्रत्याशी की घोषणा की है। उनका कहना है कि पुराने प्रत्याशी ने अपनी तबियत खराब होने के बारे में प्रदेश कमेटी को बताया था।
बताते चले कि करीब एक सप्ताह पूर्व कांग्रेस ने जालौन नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए अब्दुल वाहिद को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। प्रत्याशी घोषित होने के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चुनाव की तैयारियां तेज कर दी थीं, लेकिन सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन अचानक कांग्रेस ने अब्दुल वाहिद की जगह साकिर को टिकिट दे दिया। वहीं शाकिर एक दिन पहले ही निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना आवेदन कर चुके थे।
अंतिम दिन उन्होंने दोबारा नामांकन कराया। जबकि शाकिर बसपा से सभासद भी रह चुके हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी श्याम सुंदर ने बताया कि जो पहले प्रत्याशी अब्दुल वाहिद की तबियत खराब होने के चलते यह निर्णय लिया गया है। अब्दुल वाहिद ने स्वयं ही प्रदेश कमेटी को इस बारे में अवगत कराया था। इसके बाद प्रदेश कमेटी से साकिर को टिकट देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अब्दुल वाहिद ने प्रदेश कमेटी को साकिर का नाम सुझाया था।