थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सुबह बाइक से गांव लौट रहे पिता-पुत्र की बाइक बीच सड़क पर खडे़ सांड़ से टकरा गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर वृद्ध को झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। रास्ते मेें उसकी मौत हो गई। बेटा का इलाज चल रहा है। युवक हेलमेट पहने था
इसलिए उसकी जान बच गई जबकि पिता के हेलमेट नहीं लगाने से सिर की चोट ने जान ले ली। माधौगढ़ निवासी शादीराम (65), बेटे मोनू (20) के साथ शुक्रवार को लहार गया हुआ था। शनिवार सुबह वह गांव वापस लौट रहा था। अभी वह माधौगढ़ के बिरिया मंदिर के पास आया ही था, तभी बीच रास्ते में खडे़ सांड से उसकी बाइक टकरा गईं, जिससे दोनोें गंभीर रूप
से लहूलुहान हो गए। फौरन ही आसपास के लोगाें ने दोनोें को सीएचसी में भर्ती कराया। जानकारी पाकर परिजन भी मौके पर आ गए। शादीराम की हालत नाजुक होने पर उन्हें मेडिकल
कालेज झांसी रेफर कर दिया, जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई। हालांकि बेटा का इलाज चल रहा है। शादीराम की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। बता दें कि हेलमेट केवल युवक ही लगाए था। इससे उसकी तो जान बच गई लेकिन पिता के सिर में लगी चोट ने उसकी जान ले ली।
वाहन की टक्कर से वृद्ध की मौत
रेंढ़र थाना क्षेत्र के अंतर्गत अज्ञात वाहन की टक्कर से एक वृद्ध की मौत हो गई। रेंढ़र थाना क्षेत्र के गांव परधानी के पास बाबूराम (65) किसी काम से बाहर जा रहे थे। तभी मेन रोड पर एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें ग्रामीणों ने घायल अवस्था में सीएचसी दाखिल कराया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस संबंध में मृतक के पुत्र सुनील कुमार ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
हादसे की रिपोर्ट
कोंच के खेड़ा चौकी के पास एक व्यक्ति को ट्रक से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को कोंच के खेड़ा चौकी के पास कल्लू पुत्र रामशंकर निवासी जल्लापुर मूल निवासी राजापुर कानपुर देहात कहीं जा रहे थे। इसी दौरान वीरू पुत्र रामलाल निवासी जल्लापुर मूल निवासी राजापुर कानपुर देहात ने अपने ट्रक से उसे टक्कर मार दी। इस दौरान कल्लू बुरी तरह घायल हो गया। कल्लू की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
स्कूल जा रहे बच्चे की दुर्घटना में मौत
शनिवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उरई रोड स्थित नया गांधीनगर इलाके के रहने वाले कृष्णा शिवहरे का आठ वर्षीय बेटा प्रवीण शिवहरे कक्षा 4 का छात्र था। वह अपने चाचा सुनील शिवहरे के साथ ट्रैक्टर पर बैठ कर स्कूल जाने के लिये निकला था। इस दौरान ट्रैक्टर का पहिया एक गड्ढा आ जाने के कारण अनियंत्रित हो गया और
बच्चा नीचे गिर गया। ट्रैक्टर का पिछला पहिया उसके ऊपर से निकल गया। उसे सीएचसी ले जाया गया लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नन्हें बच्चे की मौत पर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।