रिनियां रेलवे क्रासिंग पर साबरमती ट्रेन में फंसी बाइक।
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। झांसी-कानपुर ट्रैक के भुआ उरई सेक्शन में रिनियां रेलवे क्रासिंग नंबर 179 पर अहमदाबाद से दरभंगा जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस से बाइक टकरा गई। बाइक के परखच्चे उड़ गए और हादसे की वजह से ट्रेन 25 मिनट पर खड़ी रही। ट्रेन चालक ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। इससे सड़क यातायात भी बाधित रहा। आरपीएफ ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर बाइक कब्जे में ले ली है।
अहमदाबाद से दरभंगा जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस नंबर 09165 गुरुवार को जब भुआ स्टेशन से उरई आ रही थी तभी गेट नंबर 179 रिनियां रेलवे क्रासिंग पर उरई की तरफ से आ रहे बाइक सवारों ने रेलवे बूम में टक्कर मार दी। इससे बूम टूट गया और बाइक उछलकर ट्रैक पर जा गिरी। इसी बीच झांसी की ओर से आ रही साबरमती एक्सप्रेस से बाइक टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते ट्रेन 8:45 बजे से 9:15 बजे तक खड़ी रही। बाइक से टकराने से हड़कंप मच गया।
ट्रेन चालक ने राज कपूर ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी। आरपीएफ के प्रभारी रामअवतार सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लिया। बाद में झांसी से आए मुख्य लोको इंस्पेक्टर (सीएलआई) आरके लाल, पीडब्ल्यूआई जीएस निरंजन, सिग्नल अभियंता महेश प्रसाद और आरपीएफ प्रभारी रामअवतार के साथ संयुक्त जांच रिपोर्ट तैयार कर मंडलीय अधिकारियों को भेजी। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि बाइक सवार मौके से भाग गए। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। नंबर ट्रैस किया जा रहा है। प्रभारी ने बताया कि रात 12:40 बजे टूटे रेलवे बूम को ठीक कर लिया गया। तब यातायात बहाल हुआ। इसके चलते लखनऊ से झांसी जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को सतर्कता आदेश पर निकाला गया।