जालौन। ससुराल से लौट रहे युवक की बाइक पुलिया से टकरा गई। जिससे बाइक पर पीछे बैठा युवक उछलकर माइनर में जा गिरा। जिससे उसकी सिर में चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ने फोन कर परिजनों व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। जबकि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छानी खास निवासी भूपेंद्र सिंह (25) पुत्र शिवनारायण अपने दोस्त राहुल (22) पुत्र कमलेश के साथ बाइक से सोमवार को अपनी ससुराल खनुवां गया था। ससुराल में खाना खाकर वह देर रात घर के लिए निकले। दोनों में कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। रात करीब 11 बजे वह अपने गांव के करीब गिधौसा माइनर पर बनी पुलिया पर पहुंचे तभी अंधेरे में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। बाइक के पुलिया से टकराते ही बाइक पर पीछे बैठा राहुल उछलकर माइनर में जा गिरा। सिर में चोट लगने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा भूपेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना भूपेंद्र ने मोबाइल से अपने परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहुल के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा वहीं, भूपेंद्र को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, मृतक राहुल के परिजनों को जब उसकी मौत की सूचना मिली तो घर में कोहराम मच गया।