जर्जर सड़क पर जिस पर रात के वक्त हुआ हादसा
- फोटो : ORAI
कदौरा/आटा। जर्जर सड़क पर बाइक उछलने पर पीछे बैठी महिला सिर के बल सड़क पर गिर पड़ी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार पति व चचिया ससुर हादसे के बाद बदहवास हो गए। आनन फानन में महिला को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि सालों से सड़क उखड़ी पड़ी है पर कोई ध्यान नहीं देता है। सिर्फ सड़क को पैचवर्क कर छोड़ दिया गया है। जिससे आए दिन हादसे होते हैं।
गुरुवार रात करीब 9 बजे आटा थाना क्षेत्र के ग्राम बीजापुर निवासी माया (35) अपने पति हरमन और चचिया ससुर गिरीश कुमार के साथ ग्राम टोडरपुर, हमीरपुर स्थित मायके से लौट रही थी। जैसी ही बाइक ग्राम कठपुरवा के पास पहुंची तो रात के अंधेरे में जर्जर सड़क पर बाइक अचानक ऐसी उछली कि पीछे बैठी माया उछलकर सड़क पर सिर के बल गिर पड़ी। माया की चीख सुनकर जब तक गिरीश बाइक रोक पाते तब तक लहूलुहान माया की सांसें टूट चुकी थी।ं आनन फानन में उसे सीएचसी लाए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने खराब सड़क को लेकर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के ध्यान न देने पर नाराजगी जताई है।
बातें करते करते छूट गया जीवन भर का साथ
माया की मौत से हरमन बदहवास सा हो गया था। उसे यकीन ही नहीं हो रहा था कि कुछ समय पहले माया पीछे बैठकर उसे अपने मायके की बातें बता रही थी और अचानक ही उसकी चीख कानों में सुनाई दी। वहीं चीख उसकी जुबां से निकले आखिरी शब्द बन गए। घर पर उसके पांचों बच्चे सोनी, प्रिंसी, गुड़िया, इश्का व अंश पापा मम्मी के साथ आने का इंतजार करते रहे। उन्हें क्या पता था कि वे अब कभी भी मम्मी को नहंीं देख पाएंगे।
पीडब्ल्यूडी ने कुछ स्थानों पर पैचवर्क कराकर छोड़ दी सड़क
ग्रामीण रामकिशोर, संजय सिंह, सुधाकर आदि ने बताया कि सालों से कठपुरवा बबीना मार्ग जर्जर पड़ा हुआ है। कई शिकायतों के बाद हाल ही में पीडब्ल्यूडी विभाग ने कुछ स्थानों पर पैचवर्क कराकर छोड़ दिया। इसके बाद सड़क पर कोई काम नहीं किया गया। सड़क के किनारे अभी भी उखड़े पड़े हैं। उनकी गिट्टी बिखरी हुई है। उस पर कहीं कहीं मिट्टी के बेतरतीब स्पीड ब्रेकर भी बने हुए हैं। रही सही कसर रोड पर एक भी लाइट का न होना पूरा कर देता है। रात के अंधेरे में सिर्फ वाहनों की हेडलाइट के सहारे ही लोग घरों तक पहुंचते हैं। जिस कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।
माया की फाइल फोटो- फोटो : ORAI