नगर पालिका में नारेबाजी करते ठिलिया व ई-रिक्शा चालक साथ में सपा व भाजपा नेता।
- फोटो : ORAI
जालौन। नगर पालिका की तहबाजारी के नाम पर हाथ ठिलिया व ई-रिक्शा चालकों से रोजाना वसूली हो रही है। इसके खिलाफ इन्होंने सपा नगर अध्यक्ष सोनू मंसूरी व भाजपा नेता पप्पू चौहान के साथ नगर पालिका पहुंचकर धरना दिया। अवैध वसूली को बंद कराने की मांग की गई।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे लगभग एक सैकड़ा हाथ ठिलिया व ई रिक्शा चालक ठिलिया और ई-रिक्शा लेकर सपा नगर अध्यक्ष सोनू मंसूरी, पूर्व नगर अध्यक्ष इकबाल मंसूरी व भाजपा नेता पप्पू चौहान के साथ नगर पालिका गेट पर पहुंच गए। यहां हाथ ठिलिया व ई-रिक्शा चालकों ने रोज 20 रुपये वसूले जाने का विरोध किया। नसीम, अनीस, सलमान, आकाश, यासीन, सानू, भूरे, बब्लू, राजू, आरिफ आदि ने कहा कि ठेकेदार नगर पालिका की तहबाजारी के नाम पर रोज 20 रुपये वसूलते हैं। वहीं नगर पालिका हाथ ठिलिया वालों से हर साल 100 रुपये व ई-रिक्शा चालकों से 1000 रुपये वसूलती है। सपा व भाजपा नेताओं ने पालिका कर्मियों से वसूली को बंद कराने की मांग की। हालांकि माह का दूसरा शनिवार होने से नगर पालिका में कोई अधिकारी उपस्थित नहीं था। इस पर ठिलिया व रिक्शा चालकों ने नारेबाजी की। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
नगर पालिका के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचे एलआई चंदन सिंह यादव ने भरोसा दिया कि मांगों को अधिशासी अधिकारी तक पहुंचाकर समस्या से निजात दिलाई जाएगी। इसके बाद ठिलिया व रिक्शा चालक शांत हुए। इस दौरान नगर पालिका में लगभग दो घंटे तक हंगामे की स्थिति रही। अशफाक राईन, हाजी छिद्दी राईन, हाजी सिद्दीकी, अरविंद यादव, बब्लू मंसूरी, डॉ. वारिस, इशाक मंसूरी, अहमद राईन, कमलेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। सदर विधायक ने भी ई-रिक्शा चालकों को आश्वस्त किया है। कहा कि वह अधिशासी अभियंता से वार्ता कर वसूली बंद कराएंगे।