माधौगढ़। शव को लेकर दाह संस्कार करने जा रहे लोगों के ऊपर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। जिससे खलबली मच गई। मधुमक्खियों के हमले से करीब छह लोग घायल हो गए। घायलों का सीएचसी में इलाज कर छुट्टी दे दी गई।
कोतवाली क्षेत्र के सिहारी निवासी मुन्नीलाल तिवारी (85) का शुक्रवार की रात निधन हो गया था। शनिवार दोपहर को परिजन व ग्रामीण दाह संस्कार करने के लिए शव को खेत पर ले जा रहे थे। तभी खेत के पास लगे नीम के पेड़ पर मधुमक्खियों ने दाह संस्कार में आए लोगों के ऊपर हमला कर दिया। जिससे अफरा तफरी मच गई। मधुमक्खियों का हमला इतना तेज था कि लोग एक दूसरे के ऊपर गिरकर चुटहिल हो गए। मधुमक्खियों के हमले से अरुण तिवारी (58), नरेंद्र तिवारी (32), राकेश तिवारी (56), संकल्प तिवारी(20), प्रशांत (35), राजवीर सिंह (55), आदि घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी प्रभारी डाक्टर मनीष राजपूत का कहना है कि छह लोग ज्यादा घायल थे, इलाज कर घर भेज दिया गया है।