गोशाला में सर्दी से बचाव के इंतजाम देखती बीडीओ।
- फोटो : ORAI
जालौन। सर्दी में गोशालाओं में पशुओं को सर्दी से बचाने के लिए बीडीओ महिमा विद्यार्थी ने गोशालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सचिवों को गोशालाओं में रात में नियमित अलाव लगवाने के निर्देश दिए। वहीं, घायल पशुओं का इलाज कराने को भी कहा।
खंड विकास अधिकारी महिमा विद्यार्थी ने सर्दी के मौसम में गोशालाओं के इंतजाम देखने के लिए मंगलवार को हरदोई राजा व कुसमरा की गोशालाओं का निरीक्षण किया। वहां सफाई व्यवस्था पर बीडीओ असंतुष्ट दिखीं। उन्होंने सफाई कर्मियों को फटकार लगाकर निर्देश दिए कि गोशालाओं की नियमित सफाई करें। गोबर किसी एक स्थान पर एकत्रित करें। सर्द हवाओं से बचाव के लिए तिरपाल लगाएं। इसके साथ ही पशुओं को चारे पानी के अलावा सर्दी से बचाने के लिए गुड़ व अजवाइन भी खिलाएं। कहा कि गोशालाओं में रात के समय नियमित अलाव भी जलवाएं ताकि पशु ठंड से बच सकें।
सख्ती से उन्होंने कहा कि यदि ठंड के चलते गोशाला में किसी पशु की मौत होती है तो संबंधित सचिव की जिम्मेदारी होगी। इसके लिए उन्होंने सचिवों से ग्रामीणों का भी सहयोग लेने के निर्देश दिए। गोशाला में कुछ पशु घायल भी मिले। इस पर बीडीओ ने पशु चिकित्सक को बुलाकर घायल पशुओं का इलाज कराया। इसके अलावा उन्हें सूचना मिली कि ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग में भी कुछ पशु घायल हैं। तो उन्होंने पशु चिकित्सक की वहां भेजकर घायल पशुओं का भी इलाज कराया। इस मौके पर एडीओ पंचायत महेश पाल, सचिव कुलदीप वर्मा आदि मौजूद रहे।