जालौन। ग्राम कुंवरपुरा में मंगलवार दोपहर खलिहान में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर दो रिहायशी मकानों को चपेट में ले लिया। आगजनी में दो भाइयों के घर का सामान जलकर राख हो गया। दमकल की गाड़ी करीब एक घंटे की देरी से पहुंची, तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के बाहर खलिहान में अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। तेज हवा के चलते आग की चिंगारियां उड़कर पास में बने जसवंत सिंह पटेल और उनके भाई लालजी पटेल के छप्पर व मकानों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते आग ने दोनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा।
सूचना पर ग्रामीणों ने सबमर्सिबल पंप और बाल्टियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के आगे प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना देने के बावजूद दमकल टीम देर से मौके पर पहुंची। आग में कपड़े, बिस्तर, अनाज, नगदी, पंखा, कूलर, साइकिल समेत घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की चपेट में आकर एक भैंस का बच्चा भी झुलस गया। इससे उसकी मौत हो गई। पशुओं के लिए रखा छह ट्रॉली भूसा भी जल गया। ग्रामीणों के अनुसार मलबे में 30 से 40 हजार रुपये के जले नोट भी मिले हैं।
घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया है।