फोटो- 33 बारिश से गीला हुआ श्रीबाराहीं देवी मेला मैदान। संवादबारिश से बाराहीं देवी मेला मैदान प
जालौन। बारिश के चलते बाराहीं देवी मेला मैदान पर आयोजित होने वाला दशहरा मेला स्थगित होता नजर आ रहा है। हालांकि कमेटी की बैठक कर किसी दूसरे स्थान पर दशहरा मेला आयोजित किए जाने पर विचार चल रहा है।
नगर में हर वर्ष दशहरा मेला का आयोजन बाराहीं देवी मेला मैदान पर किया जाता है। दशहरा के दिन रामलीला मैदान से श्रीराम की शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर मेला मैदान पर पहुंचती है। यहां रावण वध की लीला का आयोजन होता है। रावण दहन के साथ ही मैदान पर आकर्षक आतिशबाजी का भी प्रदर्शन होता है। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने के लिए नगर ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों के लोग भी सैकड़ों की तादाद में मेला मैदान पर पहुंचते हैं। इस बार लगातार बारिश होने की वजह से बाराहीं देवी मेला मैदान गीला पड़ा है।
दो अक्तूबर को रावण दहन का कार्यक्रम संपन्न होना था। मंगलवार को दोपहर से हो रही लगातार बारिश के चलते मेला मैदान में पानी भर गया है। यह पानी दो दिनों में नहीं सूख सकता है। अब दशहरा मेला को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। इसको लेकर रामलीला समिति के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने बताया कि जहां तक संभव होगा रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित कराया जाएगा। इसको लेकर वह दशहरा कमेटी के साथ बैठक करेंगे और नगर में यदि कोई अन्य स्थान उपलब्ध होगा तो वहां दशहरा मेला आयोजित कराने का प्रयास कराया जाएगा।