आटा। स्कूटी से घर लौट रहे प्राइवेट बैंक कर्मी ने तीन युवकों पर रास्ता रोककर पीटने का आरोप लगाते हुए आटा थाने में तहरीर दी है। पीड़ित का कहना है कि उसके गले पड़ी जंजीर भी गायब है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दी है।
आटा थाना क्षेत्र के भदरेखी गांव निवासी लोदित्य सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह 2 दिसंबर की रात उरई स्थित बैंक में ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव के पास पहुंचे तभी उसी गांव के तीन युवक सानू, अंकित और जीशान ने उनकी स्कूटी रोक ली। आरोप है कि युवकों ने बिना किसी वजह गालीगलौज करते हुए पीटना शुरू कर दिया। इससे उसे गंभीर चोंटे आई हैं। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसकी गले में पड़ी की सोने की जंजीर भी गायब हो गई है। थाना प्रभारी अजय सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्जकर ली गई है। जांच की जा रही है। (संवाद)