कालपी में मुख्य बाजार में सड़क पर मरम्मत का कार्य होता
- फोटो : ORAI
कालपी। जिलाधिकारी डा. प्रियंका निरंजन के निर्देश पर रविवार से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से मुख्य बाजार की डेढ़ किमी लंबी सड़क की मरम्मतीकरण व गड्डा भराई का काम शुरू हो गया है।
बाजार की मुख्य सड़क फुल पावर चौराहा, डाकघर, नगर पालिका चौराहा, आलमपुर बाईपास तिराहे तक लगभग डेढ़ किमी लंबी है। सड़क खराब होने से वाहन तो दूर पैदल निकलना कठिन हो गया था। उखड़ी सड़क से उड़ती धूल से आम लोगों व व्यापारियों काफी परेशानी बढ़ गई थी। लगभग दो सप्ताह पूर्व कस्बे पहुंची डीएम को पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार व ईओ सुशील कुमार दोहरे ने सड़क खराब होने से अवगत कराया था।
इस पर डीएम ने मौके पर हाईवे अथॉर्टी के अफसरों को उनकी जिम्मेदारी तय करते हुए सड़क को आमजन के लिए चलने योग्य बनाने के निर्देश दिए थे। हाईवे प्राधिकरण की ओर से रविवार को मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है। हाईवे अथॉर्टी के जनसम्पर्क अधिकारी डी. एन तिवारी ने बताया कि बाजार की सड़क में मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग चरण के दौरान तीन दिनों मे कार्य पूरा हो जाएगा।