एसडीएम मोईन उल इस्लाम तथा भूमि संरक्षण अधिकारी सौरभ कुमार ने मंगलवार को संयुक्त रूप से अभियान चला कर खाद की दुकानों पर छापा मारा। इसमें खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने दो दुकानों और एक सहकारी समिति पर जाकर खाद का स्टाक चेक किया। तीनों जगह से उन्होंने खाद के नमूने भी लिए। इस दौरान दुकानदारों से कहा
कि केवल निर्धारित रेट पर ही और सही माल ही किसानों को दें। अधिकारियों ने सबसे पहले ओम आयरन ट्रेडर्स नदीगांव रोड पर गोदाम में खाद की बोरियाें की गिनती कराई। फिर अभिलेखों यानी स्टाक रजिस्टर से उसका मिलान किया। उन्होंने लाइसेंस और रेट सूची दुकान के बाहर टांगने के सख्त निर्देश दिए। यहां से डीएपी और उत्तम ब्रांड यूरिया के नमूने भरे।
इसके बाद उन्होंने राजेश एंड ब्रदर्स की दुकान पर भी छापा मारा जहां स्टाक आदि मिलाने के बाद डीएपी का सैंपल लिया। अधिकारियों ने इन दुकानदारों से कहा कि किसानों के साथ
किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खाद निर्धारित रेट पर और असली माल ही बेचें। मिलावटी या नकली पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई होगी। एलएसएस जुझारपुरा में भी अधिकारियों ने स्टाक आदि देखा और डीएपी का नमूना लेकर परीक्षण के लिए लैब भिजवाया।
कालपी में भी पांच जगह से लिए नमूने
उप जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह व भूमि संरक्षण अधिकारी राजकिशोर ने संयुक्त रूप से कालपी की खाद की दुकानों पर मंगलवार को छापेमारी की। इस दौरान पांच स्थानों से डीएपी खाद के सैंपल भरे व नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला में भेज दिया। छापे की इस कार्यवाही से मिलावटखोर व्यापारियों की दुकानें धड़ाधड़ बंद हो र्गइं। एसडीएम व भूमि
संरक्षण अधिकारी ने कालपी के मुख्य बाजार स्थित किशोर खाद्य भंडार, ए.के. ब्रदर्स, किसान खाद्य भंडार आदि दुकानों में डीएपी खाद के नमूने भर लिए। प्रशासन के इस अभियान से मिलावटखोरों व नकली खाद बेचने वालों में खलबली मच गई। माधौगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम सुरेश चंद्र व जिला कृषि रक्षा अधिकारी राम अवतार ने नगर के क्रय विक्रय केंद्र
व बालाजी खाद भंडार पर छापा मारा। छापेमारी के भय से दुकानदार मौके से भाग निकले। दोनों दुकानों से खाद के नमूने लिए गए। अधिकारियों ने कहा कि जांच के लिए नमूनों को भेजा जाएगा।