उरई। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर बुधवार तड़के झपकी लगने के दौरान एक एरिया मैनेजर का बैग चोरी हो गया। पीड़ित ने जीआरपी थाने में तहरीर दी है।
मध्यप्रदेश के भिंड जिले के मिहौना थाना क्षेत्र के शिकारपुरा निवासी विकास शर्मा खेती-किसानी में इस्तेमाल होने वाले बीज और दवाएं बनाने वाली मुंबई की एक कंपनी में एरिया मैनेजर हैं। उनका कार्यक्षेत्र जालौन और आसपास का इलाका है। उन्होंने जीआरपी को दी तहरीर में बताया कि वह लखनऊ से लौटकर बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे उरई रेलवे स्टेशन पहुंचे थे।
ट्रेन से उतरने के बाद प्लेटफार्म पर बैठने के दौरान उन्हें झपकी लग गई। कुछ देर बाद आंख खुली तो उनका बैग गायब था। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन बैग का कोई पता नहीं चला। जीआरपी थानाध्यक्ष हेमंत सोलंकी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। लैपटॉप को सर्विलांस पर लगवाने के लिए पीड़ित से उसकी खरीद की रसीद मांगी गई है। (संवाद)