अन्ना मवेशियों द्वारा चरी गई फसल दिखाते किसान।
- फोटो : amar ujala
नगवां चंदरसी गांव के मौजा में अन्ना मवेशियों ने शनिवार रात कहर बरपा कर क्षेत्र के किसान की 28 बीघा फसल चट कर दी। गांव के किसान नरेंद्र बहादुर ने मौजे में गेहूं की फसल बोई थी। पिछले कई माह से वह नियमित खेतों की रखवाली कर रहा था और फसल भी अच्छी हुई थी। जिसे देखकर नरेंद्र को लग रहा था कि शायद अब उसकी समस्याएं कुछ खत्म होगी, लेकिन अब जब फसल पक गई थी तो अन्ना मवेशियों ने चर ली।
इससे क्षेत्र के किसानों में आक्रोश व्याप्त है। किसानों का आरोप है कि गोशालाएं शुरू होने के बाद भी अन्ना सड़कों व बाजारों में घूम रहे है। जबकि गोशाला के नाम पर लाखों रुपयों का बजट भी आवंटित हुआ है, लेकिन फिर भी किसानों को अन्ना समस्या से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। किसान ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर मुआवजे की मांग की। उपजिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला ने हर संभव मदद का आश्वासन देकर संबंधित लेखपाल को नुकसान का जायजा लेने के लिए भेजा है।