जालौन। युवती द्वारा कोर्ट मैरिज किए जाने से नाराज परिजनों ने युवक के परिवार पर हमला कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि वह बाहर रहकर नौकरी करता है। हाल ही में उनकी भाभी का निधन हो गया था, जिसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वह गांव आए थे। इसी दौरान गांव के शिवकुमार और योगेंद्र कुमार उनके घर पहुंचे और आरोप लगाया कि उनके बेटे ने उनकी बेटी से कोर्ट मैरिज कर ली है। दोनों ने बेटे को बुलाने की जिद की।
वीरेंद्र के अनुसार उन्होंने समझाने का प्रयास किया कि विवाह दोनों पक्षों की सहमति से हुआ है। इस पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी के साथ भी हाथापाई की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
कोतवाल आनंद सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)