नगर के वाशिंदों को अब जल्द ही अन्ना पशुओं से मुक्ति मिलेगी। गुरुवार को शासन ने आलमपुर गोशाला के लिए एक करोड़ 65 लाख रुपये स्वीकृत कर दी है। नगर पालिका के ईओ सुशील कुमार दोहरे ने बताया कि बजट स्वीकृति की सूचना मिल गई है, जल्द ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।
जिले में शासन के तमाम प्रयासों के बाद भी जिले में अन्ना पशुओं की समस्या दिनोंदिन और विकराल होती जा रही है। बजट के अभाव में शासन की तमाम योजना धरातल पर दम तोड़ती नजर आ रही हैं, लेकिन इस बार शासन ने बजट की समस्या को खत्म करते हुए कालपी की गोशाला के लिए भारी बजट स्वीकृत किया है। जिले में कान्हा गोशाला के बाद पहली बार किसी गोशाला को लगभग दो करोड़ रुपये का बजट मिला है। इससे क्षेत्र के किसानों को उम्मीद है कि अब उन्हें अन्ना समस्या से जल्द ही मुक्ति मिलेगी।
पालिका के ईओ सुशील कुमार दोहरे ने बताया कि नगर के मोहल्ला आलमपुर में गोशाला के विकास के लिए प्रदेश सरकार ने एक करोड़ 65 लाख रुपये दिए हैं। इससे गायों के ठहरने के लिए टिन शेड, बाउंड्री वॉल, गेट व भूसा चारा रखने के लिए कमरा व पानी पीने के लिए चरही, गेट व गार्ड रूम आदि का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोशाला के विकास के लिए स्थानीय भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह जादौन काफी दिनों से प्रयास कर रहे थे। विधायक की मेहनत रंग लाई और कस्बे को बजट की सौगात मिली। कहा कि निर्माण कार्य अति शीघ्र शुरू कराया जाएगा व गोशाला जन सहयोग से संचालित की जाएगी।