महंत भगवत विशाल इंटर कालेज कदौरा में तीन दिवसीय जनपदीय खेलकूद समारोह गुरुवार को शुरू हो गया। इसमें जिले के 68 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रही हैं। समारोह का उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र बाबू ने मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप प्रज्जवलित कर किया।
इसके बाद प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यालयों की रैली की डीआईओएस ने सलामी ली। कार्यक्रम में 800 मीटर की दौड़ को जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र बाबू ने हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही खेलों की शुरूआत कर दी गई। आठ सौ मीटर की दौड़ में अजय प्रताप सबसे आगे रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि खेल से आपसी भाई चारा के अलावा बच्चों में मानसिक, शारीरिक, नैतिक एवं सामाजिक विकास की वृद्धि होती है। इसके अलावा खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए।
कार्यक्रम में कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें अंताक्षरी में बालिकाओं में गांधी इंटर कालेज उरई का प्रथम तथा बालकों में रघुराज प्रताप सिंह इंटर कालेज सिकरी राजा का प्रथम स्थान रहा। इसके अलावा 800 मीटर दौड़ जूनियर बालक वर्ग में चौ. गजेंद्र सिंह इंटर कालेज बाबई के अजय प्रताप ने पहला स्थान प्राप्त हासिल किया।
राजकीय इंटर कालेज डकोर के तसलीम खान ने दूसरा तथा बीएमटी इंटर कालेज आटा के मोहम्मद तारुख ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में इंटर कालेज बावली के प्रद्युम्न कुमार प्रथम, एमएसवी कालपी के अंकित दुबे व वीरसिंह इंटर कालेज के संजय सिंह यादव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
सीनियर बालक वर्ग में एमएसवी इंटर कालेज कालपी के आलोक ने पहला, इसी कालेज के नरेश ने दूसरा व वीरसिंह इंटर कालेज बबीना के मोहित ने तीसरा स्थान हासिल किया। गोला फेंक में कर्नल ईश्वर सिंह इंटर कालेज शेखपुर बुजुर्ग के रोशन सिंह ने प्रथम, छत्रसाल इंटर कालेज जालौन के संतोष कुमार ने द्वितीय स्थान पर कब्जा किया।
इसी क ्रम में बालिका जूनियर वर्ग में गोला फेंक में एसआर बालिका इंटर कालेज की दिव्या सेंगर ने पहला, चआर्य कन्या इंटर कालेज उरई की अनुराधा ने दूसरा व कर्नल ईश्वर सिंह इंटर कालेज शेखपुर बुजुर्ग की प्रिया सेंगर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
800 मीटर दौड़ में इंटर कालेज कुसमिलिया की राजश्री ने पहला, महंत भगवत विशाल इंटर कालेज कदौरा की प्रीति ने द्वितीय व आर्य कन्या इंटर कालेज उरई की प्रीति यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका सीनियर वर्ग में जालौन बालिका इंटर कालेज जालौन की वर्षा तोमर प्रथम रहे।
कार्यक्रम में राजकीय इंटर कालेज उरई के प्रधानाचार्य मुन्नी लाल वर्मा, क्रीड़ा सचिव हाकिम सिंह यादव, रामनाथ जाटव, डी के श्रीवास्तव, डॉ. रविशंकर अग्रवाल, पुरुषोत्तम कुशवाहा, उत्तम निरंजन आदि मौजूद रहे।