सोमवार का दिन जिले के लोगों के लिए राहत भरा रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और शाम को तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। डेढ़ घंटे की बारिश से तापमान तेजी से लुढ़का। मानसून से पहले हुई इस बारिश ने लोगों को काफी राहत दी है। वहीं रविवार की रात आई आंधी से कदौरा क्षेत्र में काफी नुकसान भी हुआ। यहां के गांव सुजानपुर में दर्जनों पेड़
टूटकर गिर गए और सड़क किनारे रखी गुमटियां भी उड़कर खेतों में पहुंच गईं। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक विद्युत पोल भी गिर गए। लंबे समय से जिले के लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। रविवार की रात व सोमवार की शाम को मानसून से पहले हुई बारिश ने लोगों को काफी राहत दी। रविवार की रात एक बजे आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब दो
घंटे तक रुक-रुककर हुई बारिश से लोगों को गर्मी से निजात भी मिली। रात में बारिश होने के कारण सोमवार का दिन भी खुशगवार रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। शाम होते-होते फिर तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। तकरीबन एक घंटे की बारिश से तापमान तेजी से लुढ़क गया। इससे लोगों को गर्मी से लगभग पूरी तरह निजात मिल गई। रविवार
की रात आई आंधी से कदौरा क्षेत्र में भारी तबाही मची। कदौरा के ग्राम सुजानपुर में 17 बिजली के खंभे गिर गए। वहीं दर्जनों पेड़ टूट गए। इसके अलावा तीन गुमटियां भी आंधी में उड़कर खेतों में जा गिरीं। इस तबाही से कदौरा क्षेत्र का जनजीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त हो गया है। पहले से ही गांव में तीन दिन से बिजली नहीं आ रही थी। अब बिजली के खंभे गिर
जाने की वजह से आने वाले दिनों में भी बिजली आने की उम्मीद कम हो गई है।