कदौरा। पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। पत्नी ने दरवाजा न खुलने पर खिड़की से झांककर देखा तो पति का शव लटकता देख चीख निकल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताते हैं कि उसका शराब पीकर घर आने पर पत्नी से विवाद हुआ था।
थाना क्षेत्र के कुसमरा बावनी निवासी राजन वर्मा (35) का रविवार की दोपहर अपनी पत्नी विमला से विवाद हो गया। इससे नाराज होकर उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया और रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। थोड़ी देर बाद पत्नी ने दरवाजा बंद देख खटखटाया, न खुलने पर खिड़की से झांककर देखा तो पति का शव फंदे पर लटका देख चीखने लगी।
शोर सुनकर पड़ोसी दौड़े और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस के साथ सीओ अवधेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि उसकी शादी 13 वर्ष पहले विमला के साथ हुई थी। उसके बच्चे हैं। वह शराब का लती थी। इसलिए उसका पत्नी से विवाद हुआ था और उसने फंदा लगाकर जान दे दी। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच पड़ताल की जा रही है।